करोड़ों बच्चों, अभिभावकों के लिए पीएम मोदी की 'क्लास' शुरू


खास बातें
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों के साथ 'परीक्षा पे चर्चा' आज
  • तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में चल रहा है कार्यक्रम
  • देशभर में लाइव देखा जा सकता है पूरा कार्यक्रम

PM Narendra Modi Pariksha Pe Charcha 2020 Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देशभर के करोड़ों बच्चों की क्लास लेंगे। इसके लिए आज दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में 'परीक्षा पे चर्चा' का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों के लिए पीएम मोदी के कार्यक्रम 'परीक्षा पे चर्चा' का ये तीसरा साल है। 2018 में पहली बार इसकी शुरुआत की गई थी। बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का उद्देश्य है छात्र-छात्राओं को परीक्षा के तनाव से दूर करना और उन्हें सफलता के मायने समझाना। ये कार्यक्रम आज दिन के 11 बजे से हो रहा है।
लाइव अपडेट
11:56 AM, 20-JAN-2020
सवाल:
मध्यप्रदेश से प्राजक्ता अतंकर, दिल्ली से रिया, पश्चिम बंगाल से अनामिका - जो बच्चे पढ़ाई में नहीं, लेकिन संगीत, खेलकूद जैसी अन्य गतिविधियों में अच्चे होते हैं, उन्हें क्या करना चाहिए? पढ़ाई और इन गतिविधियों के बीच सामंजस्य कैसे बनाएं?

पीएम मोदी का जवाब - शिक्षा नई और बहुत बड़ी दुनिया में प्रवेश करने का रास्ता होती है। हमारी पूरी शिक्षा हमें कई चीजों को जानने समझने के अवसर देती है। जो हम सीखते हैं उसे रोज कसौटी पर कसना चाहिए। शिक्षकों के सवाल-जवाब की कसौटी पर नहीं, जिंदगी की कसौटी पर कसना चाहिए। अगर आप कोई अन्य गतिविधि नहीं करते हैं, तो आप रोबोट बनकर रह जाएंगे। इसलिए समय का संतुलन जरूरी है, लेकिन पढ़ाई के अलावा अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए। 

लेकिन एक नई बुराई इन दिनों प्रवेश कर गई है। अभिभावकों के लिए एक्स्ट्रा एक्टिविटी फैशन स्टेटमेंट बन गया है। वे सोच लेते हैं कि ग्लैमर वाली गतिविधियां बच्चों के लिए ज्यादा अच्छी हैं। नतीजा - जिस तरह परीक्षा का दबाव माता-पिता डालते हैं, उसी तरह इन गतिविधियों का भी दबाव डालने लगते हैं। लेकिन ये बिल्कुल गलत है। बच्चे की रुचि समझकर उसे उसकी पसंद की गतिविधि में आगे बढ़ाना चाहिए।
11:46 AM, 20-JAN-2020
सवाल:
उत्तराखंड के मयंक नेगी - जीवन में सफलता का मापदंड क्या केवल परीक्षा में प्राप्त अंक है। परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए हम अपना कितना ध्यान केंद्रित करें?

पीएम मोदी का जवाब - जाने अनजाने में हम उस रास्ते पर चल पड़े हैं कि सफलता विफलता का मापदंड कुछ विशेष परीक्षाओं के अंक बन गए हैं। माता-पिता भी ऐसा ही वातावरण बना देते हैं। किसी जमाने में शायद ये सही होगा। लेकिन आज दुनिया काफी बदल चुकी है। संभावनाएं बढ़ गई हैं। सिर्फ परीक्षा के अंक ही जिंदगी नहीं हैं। कोई एक परीक्षा पूरी जिंदगी नहीं है। वो बस एक पड़ाव है। 

माता पिता से मैं खास प्रार्थना करूंगा कि आप बच्चों के लिए ये नहीं तो कुछ नहीं वाला मूड बना देते हैं, ऐसा बिल्कुल न करें। अच्छा हुआ तो बेहतर, नहीं हुआ तो दुनिया लुट नहीं जाती। सामने कई संभावनाएं हैं। परीक्षा का महत्व है। लेकिन वही जिंदगी है, इस सोच से बाहर आना चाहिए।
11:34 AM, 20-JAN-2020
चंद्रयान की कहानी से समझाया सफलता और विफलता का मतलब
सवाल: 
राजस्थान की छात्रा यशश्री - बिना तनाव और घबराहट के परीक्षा का सामना कैसे करें? कई बार मूड ऑफ हो जाता है।
पीएम मोदी का जवाब: 'नौजवानों का मूड ऑफ कभी नहीं होना चाहिए। लेकिन कभी-कभी हमारे सोचने का तरीका परेशानी का सबब बन जाता है। अपनी अपेक्षा को अपने साथ इतना न जोड़ दें, कि उसके पूरा न होने से हमारा मूड ऑफ हो जाए। मोटिवेशन और डिमोटिवेशन... ये ऐसी चीजें हैं जिससे हर किसी को गुजरना पड़ता है। बार-बार गुजरना पड़ता है। जैसे- चंद्रयान। आपसब रात को जाग रहे थे। कुछ लोगों ने मुझे कहा था कि आपको वहां नहीं जाना चाहिए, क्या होगा अगर ये मिशन फेल हो गया। मैंने कहा- इसीलिए मुझे जाना चाहिए। मिशन में गड़बड़ी के बाद मैंने वैज्ञानिकों को समझाया और अपने होटल चला गया। लेकिन सोने का मन नहीं हो रहा था। तब मैंने पीएमओ की पूरी टीम को बुलाया। उनसे कहा कि सुबह हमें जल्दी जाना है, लेकिन हम देर से जाएंगे। सुबह एक बार फिर वैज्ञानिकों से मिलेंगे। हम उनसे मिले, मैंने अपने भाव व्यक्त किए। उनके परिश्रम की सराहना की। इतनी बात से वहां के साथ-साथ पूरे देश का माहौल बदल गया। कहने का मतलब ये है कि हम विफलताओं में भी सफलता की शिक्षा पा सकते हैं। हर प्रयास में उत्साह भर सकते हैं। किसी चीज में आप विफल हुए, इसका मतलब ये है कि अब आप सफलता की ओर चल पड़े हैं। अगर वहीं रुक गए, फिर कितने भी ट्रैक्टर लगा दें, आप नहीं निकल सकेंगे। ये आपको खुद तय करना होगा। इमोशन को मैनेज करने का तरीका सबसे अहम है।'
11:33 AM, 20-JAN-2020
तो शुरू करते हैं #WithoutFilter
अभिभावकों का ही काम मैं भी करता हूं। लेकिन अलग तरीके से करता हूं। एक मददगार बनकर, दोस्त, साथी बनकर। इसलिए मैं शायद आपको बोझ नहीं लगता हूं। बातचीत शुरू करेंगे हैशटैग विदाउट फिल्टर (#WithoutFilter)। जैसे आप दोस्तों से बात करते हैं वैसे ही करें।
11:23 AM, 20-JAN-2020
पीएम मोदी की क्लास शुरू
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर आ चुके हैं और देशभर के करोड़ों बच्चों के लिए पीएम मोदी की क्लास शुरू हो चुकी है। मंच पर आते ही पीएम मोदी ने कहा - 'नमस्ते, एक बार फिर से आपका दोस्त आपके बीच है।' उन्होंने कहा कि 2020 के शुरू होते ही नया दशक शुरू हो रहा है। ये दशक देश और आपके दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
11:14 AM, 20-JAN-2020
कार्यक्रम शुरू
पीएम नरेंद्र मोदी इनडोर स्टेडियम में पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम शुरू हो चुका है। इस बार कार्यक्रम का संचालन स्कूली छात्र-छात्राएं ही कर रहे हैं। शुरुआत केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के स्वागत भाषण के साथ हुई है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज हमारे प्रधानमंत्री की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। पूरा विश्व शांति के लिए हमारे प्रधानमंत्री की ओर देख रहा है। चाहे अटल टिंकरिंग लैब हो या कृत्रिम बुद्धिमता... पूरा विश्व हमसे सीख रहा है।
11:00 AM, 20-JAN-2020
पीएम मोदी पहुंचे स्टेडियम
प्रधानमंत्री परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के जरिए बच्चों की क्लास लेने के लिए तालकटोरा स्टेडियम पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम शुरू करने से पहले वे वहां लगी प्रदर्शनी देख रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक (HRD Minister Ramesh Pokhriyal Nishank) भी पहुंचे हैं।
सज गया स्टेडियम

परीक्षा पे चर्चा के लिए दिल्ली का तालकटोरा इनडोर स्टेडियम सज चुका है। विद्यार्थियों, शिक्षकों ने अपनी-अपनी जगह लेनी शुरू कर दी है। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शुरू कर दिए गए हैं।स्टेडियम की तस्वीरें और वीडियो प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO - Prime Minister Office) ने ट्वीट की है।
10:14 AM, 20-JAN-2020
पीएम मोदी से रूबरू होंगे 2000 छात्र 
दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में दो हजार छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम के लिए सीधे पीएम मोदी से रूबरू होंगे। ये वे विद्यार्थी हैं जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के जरिए इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए चुना गया है। इनमें से कुछ छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री से सवाल पूछने का भी अवसर मिलेगा।
10:01 AM, 20-JAN-2020
Pariksha Pe Charcha 2020: करोड़ों बच्चों, अभिभावकों के लिए पीएम मोदी की 'क्लास' शुरू
कहां देख सकते हैं 'परीक्षा पे चर्चा'
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को देश के किसी भी कोने में बैठे छात्र, अभिभावक, शिक्षक या अन्य लोग देख सकते हैं। दूरदर्शन (DD National) पर इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रेस इनफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के ट्विटर पेज और यूट्यूब पर भी इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ