होली पर रंग चलने के दोरान 10 मार्च को राजधानी के सभी पेट्रो पंप दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। किसी भी फिलिंग स्टेशन पर सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक पेट्रोल, डीजल व सीएनजी का वितरण नहीं होगा।
यह जानकारी लखनऊ पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन की तरफ से पूर्व सचिव सुधीर बोरा ने दी। उन्होंने बताया कि होली की मस्ती में हुड़दंग से पंप संचालन में परेशानी की आशंका में तीनों सप्लाई कंपनियों आईओसी, एचपी व बीपी ने यह फैसला लिया है।
उधर, जिला प्रशासन ने नौ मार्च को होलिका दहन के बाद 10 मार्च को पूरे दिन शराब व अन्य मादक पदार्थ बेचने वाली दुकानें बंद (ड्राई डे) रखने का निर्देश दिया है। डीएम अभिषेक प्रकाश ने बताया कि होलिका दहन के बाद रंगों की मस्ती में मादक पदार्थों का सेवन रोकने के लिए 10 मार्च को राजधानी की सभी लाइसेंसी अंग्रेजी, देशी शराब की दुकानों, मॉडल शॉप, होटल-रेस्टोरेंट बार, भाग की दुकानों को 24 घंटे बंद रखना होगा।
आदेश के उल्लंघन पर लाइसेंस निरस्त कर दुकान भी बंद कराई जाएगी।
24 घंटे पानी की आपूर्ति
उधर, होलिका दहन स्थल पर पहले से साफ-सफाई की व्यवस्था और होली पर 24 घंटे पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
जलसंस्थान से कहा गया है कि जिन क्षेत्रों में निर्बाध जलापूर्ति की व्यवस्था संभव न हो वहां लोगों की सुविधा के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएं। सभी सरकारी अस्पतालों में दवा व स्टाफ का इंतजाम रखने का निर्देश दिया गया है।
दहन से पहले फ्लैग मार्च
संवेदनशील इलाकों में होलिका दहन से पहले सुरक्षा बल फ्लैग मार्च करेगा। विशेषतौर पर बीते साल होलिका दहन के दौरान जिन स्थलों पर टकराव की स्थिति बनी हो वहां पर स्थानीय फोर्स के साथ फ्लैग मार्च कर कई सुरक्षा इंतजाम होंगे।

0 टिप्पणियाँ
Thank You Jantamat News Hindi