Corona Virus: पंजाब में एक की मौत, दूसरे संक्रमित की हालत में सुधार नहीं, आज से बसें बंद


पंजाब में कोरोना वायरस से पहली मौत सामने आई है। वहीं दूसरे पॉजीटिव मरीज की हालत में भी सुधार नहीं हो रहा है। इसके अलावा कई संदिग्ध मरीज सामने आए हैं, जिसके सैंपल की जांच हो रही है।
नवांशहर निवासी बुजुर्ग की मौत
एसबीएस नगर (नवांशहर) में हुई इस मौत के साथ ही देश में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या चार पहुंच गई है। 70 वर्षीय जिस बुजुर्ग की मौत हुई है, वह 7 मार्च को जर्मनी से इटली के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचा था। उसी दिन वह अपने गांव पहुंच गया था। वह पहले से ही मधुमेह और उच्च रक्तचाप का मरीज था। उसे घर में ही चिकित्सीय निगरानी में रखा गया था।

होशियारपुर निवासी की हालत में सुधार नहीं
4 मार्च को इटली से लौटा होशियारपुर निवासी अभी भी कोरोना संक्रमण से मुक्त नहीं हो पाया है। सरकारी मेडिकल कॉलेज स्थित इंफ्लुएंजा लैब में दूसरी बार हुई जांच में भी वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे पहले इस व्यक्ति के खून की जांच पहले एम्स दिल्ली में हुई थी, जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद 7 मार्च को उसका सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी लैब पुणे भेजा गया। पुणे से 9 मार्च को आई रिपोर्ट में भी उसे कोरोना पॉजिटिव घोषित किया गया।

कोरोना पॉजिटिव यह मरीज अपने 15 वर्षीय बेटे व पत्नी के साथ इटली से लौटा था। उसकी पत्नी व बेटे के सैंपल की भी जांच की गई, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। दरअसल, इस शख्स के बेटे की प्राथमिक टेस्ट रिपोर्ट एम्स से पॉजिटिव बताई गई थी, लेकिन पुणे की लैब में इसे निगेटिव बताया गया। यह शख्स गुरुनानक देव अस्पताल अमृतसर स्थित आइसोलेशन वॉर्ड में उपचाराधीन है। आइसोलेशन वॉर्ड में संदिग्ध मरीजों को भी प्रतिदिन लाया जा रहा है। उस व्यक्ति को अलग कक्ष में रखा गया है।
आज से बसों का संचालन बंद
पंजाब में कोरोना के खतरे से निपटने के लिए गठित किए गए मंत्री समूह ने गुरुवार को कई अहम फैसले लिए। स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा की अध्यक्षता में हुई थी। शुक्रवार यानी 20 मार्च को आधी रात 12 बजे से सभी सार्वजनिक परिवहन (सरकारी-निजी बसे और ऑटो) का संचालन बंद हो जाएगा। पंजाब बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं भी 31 मार्च तक स्थगित कर दी गई हैं।

विवाह और अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोग जाएं
मंत्री ने कहा कि मंत्री समूह ने विवाह और अंतिम संस्कार जैसे समारोह के लिए लोगों की संख्या को 20 तक सीमित करने का भी निर्णय लिया है। ऐसे समारोहों के आयोजकों को हैंड वॉशिंग प्रोटोकॉल और उचित सफाई का पालन करने की सलाह दी गई है।

होटलों, रेस्टोरेंट व ढाबों में खाने पर रोक
मंत्री समूह ने सभी उपायुक्तों, एसएसपी, सीएमओ, एसएमओ को स्टेशन न छोड़ने के लिए निर्देश दिए हैं। राज्य में मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हालों में कांफ्रेंस, सेमिनार व समारोहों पर रोक लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाने-पीने पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि घर पर ऑनलाइन खाना मंगाने या खाना पैक करके ले जाने की छूट रहेगी। सरकारी कार्यालयों में सभी प्रकार की ‘पब्लिक डीलिंग’ पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

अमृतसर-दुबई फ्लाइट रद्द
स्पाइस जेट एयरलाइंस ने अमृतसर-दुबई के बीच की उड़ान 22 अप्रैल तक रद्द कर दी है। कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सावधानियों के बीच गुरुवार को स्पाइस जेट की अमृतसर-दुबई उड़ान में मात्र छह यात्री ही दुबई के लिए रवाना हुए। सभी यात्री इंग्लैंड के निवासी थे। दुबई हवाई अड्डे से इन यात्रियों को हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए रवाना कर दिया जाएगा। इससे पहले भी अमृतसर-क्वालालंपुर के बीच दो उड़ानों को रद्द कर दिया गया था। 
डेंटल कॉलेज-अस्पताल बंद, कक्षाएं स्थगित
पंजाब में मंत्री समूह की बैठक में फैसला किया है कि विभिन्न सार्वजनिक, निजी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों में स्थापित आईसोलेशन वार्डों की संख्या को बढ़ाया जाए। इसके अलावा मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता और दवाओं के पर्याप्त स्टॉक को सुनिश्चित करके सेवाओं को मजबूत किया जाए।

इसी तरह अस्पतालों में नियमित ओपीडी सेवाएं भी स्थगित कर दी गई हैं, लेकिन सभी अस्पतालों और पीएचसी में आपातकालीन सेवाओं को चौबीस घंटे जारी रखा जाएगा। मंत्री समूह ने 31 मार्च तक सभी डेंटल कॉलेजों व अस्पतालों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का भी फैसला किया है।

मेडिकल कॉलेजों में पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों की कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं जबकि तीसरे और चौथे वर्ष की कक्षाओं को जारी रखा जाएगा। इसी तरह नर्सिंग कॉलेजों में पहले वर्ष के छात्रों की कक्षाएं 31 मार्च तक बंद कर दी गई हैं, लेकिन दूसरे वर्ष से नर्सिंग छात्रों की कक्षाएं जारी रहेंगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेजों के तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों को कोविड-19 रोगियों की देखभाल के लिए प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं।
विदेश से आए लोगों के शरीर पर लगाई जाएगी मुहर
मंत्री समूह ने सभी प्रवासी भारतीयों और यात्रियों (जो बीते 15 दिनों के दौरान बाहर से आए हैं) के लिए होम क्वारेंटाइन प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत उन्हें अपने घर पर ही 14 दिनों तक अलग-थलग रहने के लिए कहा गया है।

ऐसे सभी एनआरआई और यात्रियों के शरीर पर अमिट (कई दिनों तक न मिटने वाली) स्याही से अनिवार्य रूप से मुहर लगाने का निर्णय लिया गया है ताकि उनके घर से बाहर जाने की स्थिति में उनकी पहचान की जा सके।

मंत्री समूह ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की है कि वह दूसरे देशों से आए किसी भी एनआरआई और यात्रियों के आने-जाने पर नजर रखें और लोगों की सुरक्षा के लिए उन्हें निगरानी में रखने के लिए आथॉरिटी को तुरंत सूचित करें।
स्कूली परीक्षाएं स्थगित, टीचिंग स्टाफ को भी छुट्टी पर भेजा
पंजाब में स्कूली परीक्षाओं को स्थगित करने के साथ ही 31 मार्च तक अध्यापकों को भी छुट्टी पर भेजने का फैसला किया है। इस संबंध में पंजाब के शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि परीक्षाएं स्थगित करने के साथ ही सभी सरकारी, अर्ध सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के स्टाफ को 31 मार्च तक छुट्टी पर भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के तहत पूरा सहयोग कर रहा है और जरूरत पड़ने पर स्कूलों की इमारतों को आईसोलेशन वार्डों में बदलने के लिए खाली किया जा सकता है। उधर, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कृष्ण कुमार ने कहा है कि स्कूलों में जिन कक्षाओं की परीक्षाएं हो चुकी हैं।

उनके पेपर जांचने का काम अब अध्यापक घर बैठकर ही करेंगे और विभाग द्वारा समय-समय पर जारी होने वाली हिदायतों के अनुसार घर से काम जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिन अध्यापकों की ड्यूटी पेपर जांचने के लिए लगाई गई है, वह उत्तर-पुस्तिकाएं अपने घर ले जाकर उनका मूल्यांकन करें।
जम्मू-कश्मीर में पंजाब समेत अन्य राज्यों की बसों का प्रवेश बंद
पठानकोट। कोरोना वायरस के प्रकोप के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पंजाब समेत अन्य राज्यों की बसों के राज्य में आने पर रोक लगा दी है। हालांकि प्राइवेट टैक्सी में पंजाब-जम्मू-कश्मीर सीमा स्थित लखनपुर में मेडिकल जांच के बाद आगे जाया जा सकेगा। जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा अचानक लिए गए इस फैसले के बाद पठानकोट के रास्ते विभिन्न राज्यों से आई बसों को माधोपुर से ही लौटा दिया गया।

जम्मू-कश्मीर की हद से जुड़ा पंजाब का आखिरी शहर होने के चलते लोग पठानकोट ही उतरे लेकिन पठानकोट बस स्टैंड से वीरवार को पंजाब रोडवेज की कोई भी बस या निजी आपरेटरों की बस जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना नहीं हुई। जम्मू समेत अन्य शहरों को जाने वाले लोगों की भीड़ बस स्टैंड पर देखने को मिली।

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अपने प्रदेश के लोगों की भलाई के लिए बाहरी राज्यों की बसों पर रोक लगा दी है। 20 मार्च की रात 12 बजे से पूरे पंजाब में भी सरकारी और प्राइवेट बसों का संचालन बंद होगा।
- दर्शन सिंह गिल, जनरल मैनेजर, पंजाब रोडवेज, पठानकोट

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ